मुख्यमंत्री साय ने सुहेला में दी 459 करोड़ रुपए से विकास कार्यों की सौगात

joharcg.com रायपुर। छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में जिलेवासियों को 459 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत के 275 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इन कार्यों में 316 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों की लगभग दो दशक पुरानी मांग भी पूरी की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का निर्माण करना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। गांवों तक बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
सड़क और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती

मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में बलौदाबाजार विकासखंड में 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण किया जाएगा।
सिमगा विकासखंड में 8 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क तथा भाटापारा विकासखंड में 6 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से दतरेंगा से बिजराडीह तक पुल-पुलियों सहित सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं तुरमा-खैरी सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ 66 लाख रुपए की परियोजना भी शुरू की गई।
लोकार्पित कार्यों में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण प्रमुख है। इसके साथ ही भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से डामरीकरण एवं मजबूतीकरण किया गया।
सुहेला में कॉलेज और स्कूलों के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री श्री साय ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ किया। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री ने सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए, नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान तथा सुहेला तहसील के 20 विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
किसानों और महिलाओं को भी मिला योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अन्नदाता प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को सहायता सामग्री और चेक वितरित किए। तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि, किसानों को गेहूं एवं सरसों के बीज तथा बच्चों को सुपोषण टोकरी प्रदान की गई। पांच सोलर दीदियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं कौशल विकास कार्यक्रम के तहत जिले के 53 युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सुशासन और डिजिटल सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से लगभग 700 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तीकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। सुहेला में शुरू किए गए विकास कार्यों से जिले में सड़क, शिक्षा, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर सीधे WhatsApp पर!
हमारे आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें और रहें सबसे पहले अपडेटेड।