invitation

रायपुर – तुलसी बाराडेरा में 23 से 25 फरवरी तक आयोजित हो रहे राष्ट्रीय कृषि मेला की तैयारी जोरों पर है। कृषि उत्पादन आयुक्त एवं प्रमुख सचिव डॉ. मनिन्दर कौर द्विवेदी ने स्थल निरीक्षण कर समय पूर्व मेला की सम्पूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मेले में जैविक फसलों-रेड राइस, ब्लैक राइस, जीराफूल, जवांफूल एवं कोदो-कुटकी, रागी जैसे लघु धान्य फसलों पर आधारित व्यंजन आकर्षण का केन्द्र होगा। जैविक व्यंजन पौष्टिक एवं औषधीय गुणों से युक्त होते हैं। जैविक व्यंजनों में मुख्य रूप से चीला, खीर, इडली, डोसा, उपमा, हलवा, उत्पम आदि स्वादिष्ट व्यंजनों का स्टॉल लगेगा। इन व्यंजनों को किफायती दर पर लोग स्वाद ले सकेंगे। मेले में आने वाले किसानों को जैविक व्यंजन खिलाया जाएगा। किसान जैविक व्यंजनों को जानेंगे-समझेंगे तथा जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। जैविक खेती से किसानों की आमदनी में वृद्धि भी होगी।