महिलाएं जिस भी क्षेत्र में काम कर रही हैं, वहां सशक्त हैं : सुश्री उइके

रायपुर – अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज यहां राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों ने राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान ही राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने भी दूरभाष पर राज्यपाल को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया और उन्हें जानकारी दी कि दरबार हाल में इस प्रकार का आयोजन किया जा रहा है, जिस पर राष्ट्रपति ने दरबार हॉल में उपस्थित विभिन्न संगठनों की महिलाओं को भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल ने इस अवसर पर उपस्थित संगठनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही हैं और सभी जगह पुरूषों के साथ कंधों से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं, महिलाएं जिस क्षेत्र में काम कर रही है, उस क्षेत्र में वे सशक्त हैं और सभी अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं ने अपनी योग्यता, प्रतिभा और क्षमता के बल पर हर क्षेत्र में सफलता के नवीन कीर्तिमान स्थापित किए हैं। महिलाएं आर्थिक उन्नति के साथ ही घर-परिवार को शिक्षित तथा संस्कारवान बनाकर, देश के विकास में योगदान दे रही हैं। हमें चाहिए कि परिवार में बेटियों को शिक्षित करें और प्रगति का हर अवसर प्रदान करें। रानी दुर्गावती जागृति महिला मण्डल के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न भागों से आदिवासी समाज की महिलाओं ने सम्मान किया। इस अवसर पर जंगो रायतार विद्या केतुल एवं शोध संस्थान दमकसा के संयोजक श्री शेरसिंह आचला ने विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। राज्यपाल ने उन्हें उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों के लिए शुभकामनाएं दी। उत्कल समाज की महिलाओं के प्रतिनिधिमण्डल ने सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती सावित्री जगत के नेतृत्व में रूपिया माला पहनाकर और शाल भेंट कर सम्मान किया। श्रीमती जगत ने कहा कि यह गर्व की बात है कि राज्यपाल के पद पर एक महिला है। राज्यपाल द्वारा किये गए कार्यों से महिलाओं को प्रेरणा मिलती है। भारतीय जनशिक्षण संस्थान के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रों में कार्यरत महिलाओं ने तुलसी का पौधा भेंट कर राज्यपाल का सम्मान किया। जन शिक्षण संगठन रायपुर के निदेशक श्री अतुल सिंह ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों की महिला प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।