विष्णुदेव साय

महात्मा गांधी का शांति और सद्भाव का अमर संदेश पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्त्रोत – मुख्यमंत्री श्री साय

joharcg.com छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अपने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो स्थित ‘लिटिल इंडिया’ पहुँचकर  महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी जी का शांति, अहिंसा और सद्भाव का अमर संदेश भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे विश्व में मानवता के लिए प्रेरणास्त्रोत है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘लिटिल इंडिया’ में गांधी जी की प्रतिमा भारत-जापान मैत्री और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है। यह स्थान न केवल भारतीय समुदाय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जापानी नागरिकों को भी भारत की महान परंपराओं और मूल्यों से जोड़ता है।

मुख्यमंत्री श्री साय के साथ इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यगण भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि टोक्यो में मौजूद गांधी प्रतिमा भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है। यहाँ भारतीय समुदाय बड़े गर्व के साथ हर वर्ष विशेष आयोजन करता है और गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए भारतीय प्रवासी समाज को धन्यवाद दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जापान में रह रहे भारतीयों से भी भेंट की और छत्तीसगढ़ की संस्कृति, निवेश संभावनाओं और राज्य सरकार की विकास योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को राज्य में निवेश और सहयोग के लिए आमंत्रित किया।

‘लिटिल इंडिया’ क्षेत्र में स्थानीय जापानी नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी गहरी रुचि प्रकट की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने में सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भूमिका महत्वपूर्ण है।