जी राम जी योजना के अगले 100 दिन अहम, तारन प्रकाश सिन्हा ने दिए निर्देश

joharcg.com रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण रोजगार और गांवों के समग्र विकास को गति देने के लिए विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। योजना के उद्देश्यों को जमीन पर उतारने और अधिकारियों को इसकी प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी देने के लिए 12 नवंबर को रायपुर के निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। आयुक्त वीबी-जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को पूरा करने में आगामी 100 दिन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गुणवत्तापूर्ण और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए आयुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि योजना के अंतर्गत ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनसे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों का चयन स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाए। इसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।

उन्होंने जलवायु अनुकूल विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। ऐसे कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी सहायक होंगे।
इन कार्यों को मिल रही प्राथमिकता
आयुक्त ने बताया कि छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत कई नवाचारपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। इनमें आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे कार्य शामिल हैं। इन गतिविधियों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ उपयोगी और टिकाऊ परिसंपत्तियों का विकास हो रहा है।
33 जिलों के अधिकारी लेंगे प्रशिक्षण
तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला में प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। इसमें कार्यपालन अभियंता (आरईएस), सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी और योजना से जुड़े अन्य अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यशाला 12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को 12 जिलों, 13 नवंबर को 11 जिलों और 14 नवंबर को 10 जिलों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की जानकारी
कार्यशाला में अधिकारियों को योजना की तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका और 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी), धार-अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। भारत सरकार के प्रतिनिधियों और विकसित ग्राम पंचायत योजना के विशेषज्ञों ने ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के निर्माण को लेकर मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के दौरान योजना के विभिन्न प्रावधानों, तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं और मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की जा रही है। अधिकारियों को बेहतर निगरानी, कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। आयुक्त श्री सिन्हा ने अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग मैदानी स्तर पर करें और निर्धारित लक्ष्यों को जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। आगामी 100 दिनों में होने वाली प्रगति योजना की सफलता के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर सीधे WhatsApp पर!
हमारे आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें और रहें सबसे पहले अपडेटेड।