joharcg.com उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार के लिए मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार के लिए यह वाहन राज्य के सभी जिलों में जाएगी। आयोजन के शुभंकर मोरवीर, थीम-सांग और मशाल के साथ प्रदेशभर में घूम-घूमकर यह लोगों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की जानकारी देगी।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय से मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ को मिली है। उन्होंने इसके लिए भारत सरकार तथा केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अगले माह फरवरी में होने वाले इस आयोजन के बारे में लोगों को जानकारी देने आज मशाल गौरव यात्रा को रवाना किया गया है।
खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 7-8 जनवरी को
खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में सात खेलों को शामिल किया गया है। इनमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और वेट-लिफ्टिंग शामिल हैं। इन खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए आगामी 7 जनवरी और 8 जनवरी को ट्रायल का आयोजन किया गया है।

बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में तीरंदाजी, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए ट्रायल प्रक्रिया आयोजित की गई है। वहीं हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती और वेट-लिफ्टिंग के लिए ट्रायल रायपुर के स्वामी विवेकानन्द स्टेडियम कोटा में होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाए जाने के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के सफल आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा प्रदेश भर में खेलों के प्रति जागरूकता, उत्साह और गौरव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज में खेलों की परंपरा और स्वाभाविक प्रतिभा सदियों से रही है, जिसे पहचान और अवसर मिलने पर देश के लिए नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मशाल गौरव यात्रा केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का संदेश देती है। यह यात्रा गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को खेलों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों को करियर के रूप में देखने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मशाल गौरव यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में खेल गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संवाद सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रति व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित होगी।

