joharcg.com मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित होना केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है, जहां अधिकारियों को ईमानदारी और समर्पण के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) एवं अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित छत्तीसगढ़ के होनहार अभ्यर्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी सफल युवाओं को बधाई देते हुए उनसे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ जनसेवा में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से निकलकर अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित होने वाले युवा राज्य के लाखों प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रशासनिक तंत्र में प्रदेश के युवाओं का चयन स्थानीय जरूरतों और संवेदनशीलता को राष्ट्रीय स्तर की नीतियों में शामिल करने में मददगार साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “विकसित भारत” और “विकसित छत्तीसगढ़“ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। इस अवसर पर अभ्यर्थियों ने भी अपने तैयारी के अनुभव साझा किए और मुख्यमंत्री से प्राप्त मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया।

