छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा के कॉलेजों में AI प्रशिक्षण शुरू: टंक राम वर्मा

joharcg.com रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है। इस साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षकों का विकल्प नहीं है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, नवाचार और तकनीक का है तथा शिक्षा के क्षेत्र में एआई की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।
शिक्षा व्यवस्था में आएगा तकनीकी बदलाव

राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एआई के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शिक्षकों के कार्यों को भी अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
पढ़ाई और शोध कार्यों में मिलेगी मदद
मंत्री श्री वर्मा ने बताया कि एआई तकनीक की सहायता से शिक्षक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा कठिन विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाने, बेहतर पाठ योजनाएं बनाने तथा विद्यार्थियों के मूल्यांकन और फीडबैक को प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में विभिन्न भाषाई, सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए एआई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण
इस पहल के तहत रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों एवं अधिकारियों को एआई तकनीक के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रारंभिक कार्यशाला के बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकारी कार्यालयों में भी आसान होंगे काम
एआई का उपयोग केवल शिक्षण कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा। महाविद्यालयों और उच्च शिक्षा विभाग के कार्यालयों में भी इसका इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी मदद से पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं का विश्लेषण और अन्य प्रशासनिक कार्यों को सरल एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा। इससे कर्मचारियों का समय बचेगा और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर
उच्च शिक्षा मंत्री ने एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग को भी आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि एआई से प्राप्त प्रत्येक जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए किसी भी जानकारी का शैक्षणिक या प्रशासनिक उपयोग करने से पहले उसका परीक्षण और सत्यापन करना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों एवं अधिकारियों से तकनीकी बदलाव को सकारात्मक रूप से अपनाने और अपने संस्थानों में नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी, गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड ईशा पोरवाल जैन सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर सीधे WhatsApp पर!
हमारे आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें और रहें सबसे पहले अपडेटेड।