joharcg.com मुख्य सचिव श्री विकासशील ने राज्य शासन के सभी विभाग के प्रमुख अधिकारियों से कहा है कि वे मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गॉट ट्रेनिंग कार्यक्रम से अपने विभाग को अनिवार्य रूप से ऑन-बोर्ड कर लें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग ऑन-बोर्ड हो जाये मुख्य सचिव ने सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को भी अपने मोबाईल से ऑन-बोर्ड होने को कहा है। राज्य शासन के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी आवश्यकता अनुसार विभागीय स्किल डेवलपमेंट के लिए प्रशिक्षित किया जा सकेगा।
मुख्य सचिव ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा है कि वे अपने-अपने विभाग की आवश्यकता अनुसार अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कोर्स तय कर लें, जिससे उन्हे प्रशिक्षित किया जा सके। आज आई-गॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत साधना सप्ताह के मौके पर सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी को कर्मयोगी मिशन के तहत प्रशिक्षण हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राज्य शासन के विभागों के प्रमुख अधिकारी सहित विभागीय सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी जिलों के प्रमुख अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल हुए।

कार्यशाला के प्रारंभ में बताया गया की कर्मचारियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म आई-गॉट और ई-एच.आर.एम.एस. से जुड़ते हुए उनकी क्षमता एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना है। मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि ‘आई-गॉट’ प्लेटफॉर्म पर ए.आई का उपयोग बढ़ रहा है और यह कर्मचारियों को स्मार्ट एवं प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने शत् प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में अधिकारियों-कर्मचारियों को यह भी अवगत कराया गया कि प्रशिक्षण केवल कौशल विकास तक ही नहीं, बल्कि जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे प्रत्येक कर्मचारी अपने विभाग की योजनाओं और कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हो सकेंगे।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों की बैठक में कहा कि आई-गॉट (iGOT) प्लेटफॉर्म पर सभी विभागों का ऑनबोर्ड होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल युग में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, कर्मचारियों के कौशल विकास और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए इस प्लेटफॉर्म का उपयोग महत्वपूर्ण है।
मुख्य सचिव ने बताया कि आई-गॉट प्लेटफॉर्म एक आधुनिक डिजिटल लर्निंग सिस्टम है, जिसके माध्यम से शासकीय अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इससे उनके ज्ञान और कौशल में निरंतर वृद्धि होती है, जो शासन के कार्यों को बेहतर बनाने में सहायक है।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ें और सुनिश्चित करें कि वे नियमित रूप से प्रशिक्षण मॉड्यूल का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इससे कार्यक्षमता में सुधार होगा और सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।

