अंबिकापुर

joharcg.com अंबिकापुर । बलरामपुर जिले में एक नाबालिग प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्मत्या कर ली। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धंधापुर की है। राजपुर पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से दोनों शव को नीचे उतरवाया है। मृतकों की पहचान हो चुकी है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

राजपुर थाना के ग्राम धंधापुर के डुमरपारा मोहल्ले में नदी के किनारे पेड़ पर नाबालिग प्रेमी जोड़े का फांसी पर लटका शव सबसे पहले एक चरवाहे ने देखा। उसने गांव वालों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों की पहचान भी कर ली। नाबालिग पड़ोस के गांव बघिमा का रहने वाला था। कुछ समय से वह धंधापुर में अपने बुआ के घर रहता था। उसका प्रेम संबंध धंधापुर की एक नाबालिग लड़की से हो गया था। शनिवार शाम से ही दोनों लापता थे। घरवाले दोनों की खोजबीन कर रहे थे लेकिन कुछ पता नहीं चल रहा था। इसी बीच रविवार शाम दोनों का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। दोनों ने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।